कानूनी जागरूकता।
किसी विदेशी के रूस में क्या-क्या अधिकार हैं?

आइए कुछ बेहद महत्वपूर्ण विषयों पर नज़र डालें जिनका सामना रूस में रहने, काम करने और पढ़ाई करने आने वाले किसी भी विदेशी नागरिक को करना पड़ सकता है। यहाँ हम आपको यह समझने में मदद करेंगे कि प्रत्येक प्रवासी के क्या अधिकार और स्वतंत्रताएं हैं, रूसी संघ के इलाके में प्रशासनिक अपराधों से कैसे बचा जाए, डॉक्युमेंट्स, सर्टिफ़िकेट्स और ज़रूरी जानकारी पाने के लिए डिजिटल साधनों का ज़्यादा से ज़्यादा लाभ कैसे उठाया जाए। आप यह भी जानेंगे कि फॉर्म और आवेदन पत्र सही तरीके से कैसे भरें।

अधिकार, स्वतंत्रता और जिम्मेदारियां

रूसी संघ के संविधान के अनुसार, संघीय कानून या अंतर्राष्ट्रीय संधि द्वारा तय किए गए कुछ मामलों को छोड़कर, विदेशियों को रूसी नागरिकों के समान अधिकार प्राप्त हैं। रूसी संघ के क्षेत्र में रहने वाले विदेशी नागरिकों को 3 श्रेणियों में बांटा गया है:

अधिकार और स्वतंत्रता

  • जीवन, निजता, व्यक्तिगत पारिवारिक रहस्य, किसी के सम्मान की सुरक्षा के लिए।
  • स्वतंत्रता और व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए।
  • रूसी संघ के क्षेत्र के भीतर इधर-उधर आने जाने की स्वतंत्रता, प्रवास का स्थान और निवास स्थान का चुनाव के लिए।
  • अंतरात्मा और धर्म की स्वतंत्रता के लिए।
  • सांस्कृतिक संपत्ति तक पहुंच, साथ ही सांस्कृतिक जीवन में भागीदारी और सांस्कृतिक संस्थाओं का उपयोग के लिए।
  • विदेशियों के व्यक्तिगत, संपत्ति, पारिवारिक और अन्य अधिकारों की सुरक्षा के लिए कोर्ट और अन्य सरकारी निकायों में आवेदन करने के लिए।
  • रूसी संघ के कानूनों के अनुसार रूसी संघ के नागरिकों और अन्य व्यक्तियों के साथ विवाह संपन्न करने और भंग करने के लिए।
  • अंतर्राष्ट्रीय कानून के सार्वभौमिक रूप से मान्यता प्राप्त मानदंडों के अनुसार राजनीतिक शरण पाने के लिए।
  • श्रम संबंधों में भागीदारी करने के लिए।
  • संपत्ति और संपत्ति पर हक के लिए।
  • संपत्ति विरासत में प्राप्त करने और वसीयत में देने के लिए।
  • उद्यमशीलता और किसी अन्य गतिविधि के लिए जो कानून द्वारा निषिद्ध नहीं है।
  • स्वतंत्र रूप से या अन्य नागरिकों और कानूनी संस्थाओं के साथ संयुक्त रूप से कानूनी संस्थाएं स्थापित करने के लिए।
  • कोई भी मान्य लेनदेन करने और दायित्वों के साथ-साथ अन्य संपत्ति और व्यक्तिगत गैर-संपत्ति अधिकारों में भागीदारी करने के लिए।

श्रम अधिकारों की ख़ास बातें। पेटेंट और वर्क परमिट के लिए आवेदन करने के कारण

केवल वर्क परमिट या पेटेंट वाले वयस्क विदेशी लोग ही रूस में काम कर सकते हैं। वीज़ा धारकों को वर्क परमिट लेना होगा, जबकि जिनके पास वीज़ा नहीं है उनके लिए पेटेंट एक विकल्प है।

हालांकि, "रूसी संघ में विदेशी नागरिकों की कानूनी स्थिति पर" (О правовом положении иностранных граждан в Российской Федерации) 25 जुलाई, 2002 के संघीय कानून के अनुच्छेद 13 के भाग 4 के अनुसार, इस नियम के कुछ अपवाद हैं।

किर्गिज़स्तान, कज़ाकिस्तान, बेलारूस और आर्मेनिया के नागरिकों के लिए न तो पेटेंट और न ही वर्क परमिट की ज़रूरत है, क्योंकि ये देश रूस सहित यूरेशियन आर्थिक संघ का हिस्सा हैं।

पेटेंट उन प्रवासियों के लिए ज़रूरी है जिन्हें रूस में रहने के लिए वीज़ा की ज़रूरत नहीं है, उदाहरण के लिए: ताजिकिस्तान, आज़रबाइजान, उज़्बेकिस्तान, अब्खाज़िया और यहाँ तक कि मैसेडोनिया, दक्षिण अफ्रीका, अर्जेंटीना इत्यादि भी।

पेटेंट प्राप्त करने के लिए, प्रवास के स्थान पर माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन कराना होता है, पासपोर्ट का नोटरीकृत अनुवाद कराना होता है, मेडिकल जाँच कराना होता है, रूसी भाषा के मूल ज्ञान की पुष्टि करनी होती है, फोटो खिंचवानी होती है और डैक्टिलोस्कोपी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। पेटेंट और वर्क परमिट दोनों आंतरिक मामलों के मंत्रालय (МВД) की प्रवासन इकाइयों द्वारा जारी किए जाते हैं।

रूस में अस्थायी रूप से रह रहे किसी विदेशी नागरिक को केवल उसी प्रदेश में नौकरी मिल सकती है जहाँ उसे पेटेंट जारी किया गया था और वह भी केवल उसी स्पेशलिटी में जो पेटेंट में बताई गई हो। अस्थायी रेज़िडेंस परमिट भी केवल उसी प्रदेश में काम करने की अनुमति देता है जहाँ अस्थायी रेज़िडेंस परमिट जारी किया गया था।

स्थायी रेज़िडेंस परमिट रूस के किसी भी क्षेत्र में काम करने का अधिकार देता है, और परमिटधारियों को अलग से कुछ सामाजिक गारंटियां भी मिलती हैं, उदाहरण के लिए, सिक लीव के भुगतान का सर्टिफिकेट, बाल भत्ते, पेंशन भुगतान, बेरोजगारी लाभ, मुफ्त चिकित्सा देखभाल, कर कटौती का अधिकार, किंडरगार्टन और स्कूलों में मुफ्त स्थान और कुछ विशिष्ट श्रेणी के नागरिकों के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट में प्रेफरेंस।

जिन विदेशियों को अस्थायी या स्थायी रेज़िडेंस परमिट मिल गया है, उन्हें पेटेंट या वर्क परमिट की ज़रूरत नहीं है।

साथ ही, ऊपर बताए गए नियम इन पर लागू नहीं होते हैं:

उस सरकारी प्रोग्राम के प्रतिभागियों पर जो विदेश में रहने वाले अपने देश के लोगों और उनके परिवार के सदस्यों के रूसी संघ में स्वैच्छिक पुनर्वास में मदद करने के लिए है।

उन पर जो रूस में पेशेवर शैक्षिक संगठनों या उच्च शिक्षा के संगठनों में अध्ययन कर रहे हैं और अपनी छुट्टियों या खाली समय में काम करते हैं।

वे लोग जिन्हें रूस में शरणार्थी का दर्जा प्राप्त है या अस्थायी शरण दी गई है।

विदेशी नागरिकों को इस संघीय कानून के अनुच्छेद 13.2 और 13.5 के अनुसार वर्क परमिट प्राप्त करते समय अनिवार्य रूप से सरकारी डैक्टिलोस्कोपिक रजिस्ट्रेशन और फोटोग्राफी करवाना होगा।

अस्थायी रेज़िडेंस परमिट (РВП) और स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ): ये क्या हैं?

आइए अस्थायी रेज़िडेंस परमिट (РВП) पर करीब से नज़र डालें।

यह किसी विदेशी नागरिक के अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट पर लगाया एक चिह्न होता है, जो उसे रूस में 3 साल तक रहने और काम करने का अधिकार देता है। इस पात्रता की हर साल पुष्टि अनिवार्य है। जब 3 साल का समय खत्म हो जाता है, तो स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ) या नए अस्थायी रेज़िडेंस परमिट (РВП) के लिए आवेदन करना ज़रूरी होता है।

स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ) किसी देश में लंबे समय तक रहने के लिए एक और तरह की परमिशन है।

यह एक ऐसा डॉक्युमेंट है जो किसी विदेशी को रूस में रहने और बिना किसी बाधा के रूस में प्रवेश करने और बाहर जाने का अधिकार देता है। नागरिकता परमिट के लिए आवेदन करने से पहले स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ) लेना एक ज़रूरी कदम है। कृपया ध्यान दें कि इस डॉक्युमेंट की भी पुष्टि हर साल आमदनी के विवरण के ज़रिए की जानी चाहिए।

प्रवासियों के लिए निषिद्ध पेशेवर गतिविधियों के प्रकार

  • नगरपालिका सेवा में कार्यरत होना।
  • रूसी संघ के राष्ट्रीय ध्वज के तहत उड़ने वाले किसी विमान के चालक दल के सदस्य के रूप में कैप्टन, सीनियर असिस्टेंट कैप्टन, सीनियर मैकेनिक और रेडियो स्पेशलिस्ट के तौर पर नौकरी करना।
  • रूसी संघ के युद्धपोत या गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल होने वाले अन्य पोत के चालक दल का सदस्य होना।
  • किसी प्रायोगिक विमान का कमांडर होना।
  • उन जगहों और संगठनों में नौकरी करना जिनकी गतिविधियां रूसी संघ की सुरक्षा से जुड़ी हैं।
  • नोटरी पब्लिक या पेटेंट वकील बनना।
  • सरकारी फोरेंसिक संस्थानों में कोई नौकरी स्वीकार करना।

स्वास्थ्य सेवा के अधिकार

रूस में अगर विदेशी नागरिकों के पास अनिवार्य या स्वैच्छिक बीमा पॉलिसी है तो वे आपातकालीन चिकित्सा देखभाल और अन्य चिकित्सा सेवाओं के हकदार होते हैं।

यूरेशियन आर्थिक संघ (EAEU) के नागरिक, साथ ही रूसी संघ में अस्थायी और स्थायी रूप से रहने वाले विदेशी और शरणार्थी आधिकारिक रोजगार मिल जाने के बाद आवश्यक स्वास्थ्य बीमा (ОМС) पॉलिसी प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रकार के बीमा धारकों को रूसी लोगों के समान ही मुफ्त चिकित्सा सेवाएं मिलती हैं।

रूस में आने वाले हर विदेशी को, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं, स्वैच्छिक स्वास्थ्य बीमा (ДМС) पॉलिसी जारी करवानी होगी। इस प्रकार के बीमा के अंतर्गत आमतौर पर आपातकालीन चिकित्सा देखभाल और निजी क्लीनिकों में जाने सहित कई अन्य चिकित्सा सेवाएं शामिल होती हैं।

फाइन से बचने के लिए, रूस में रहने के पहले दिन या देश में आने से पहले स्वैच्छिक स्वास्थ्य बीमा (ДМС) पॉलिसी लेने की सलाह दी जाती है।

कृपया ध्यान रखें कि ऐसी पॉलिसी पूरे रूस में मान्य होनी चाहिए और बीमा राशि कम से कम 100,000 रूबल होनी चाहिए।

घर खरीदने या किराए पर लेने का अधिकार

विदेशी नागरिकों को अपार्टमेंट और ग्रामीण भूखंड खरीदने या किराए पर लेने का अधिकार है, लेकिन यह याद रखना ज़रूरी है कि रूस में केवल घर खरीद लेने के आधार पर किसी को अस्थायी या स्थायी रेज़िडेंस परमिट के लिए आवेदन करने का अधिकार नहीं मिल जाता है। घर खरीद लेने से इन डॉक्युमेंट्स हासिल करने की कार्यवाही तेज़ नहीं हो जाती है।

रूस में प्रवासियों के निजी संपत्ति के अधिकारों में कुछ अपवाद हैं:

  • रूसी संघ के बॉर्डर वाले इलाकों में जमीन खरीदने की अनुमति नहीं है;
  • सरकार या नगरपालिका के स्वामित्व वाले प्लॉट विदेशियों को केवल फ़ीस पर दिए जाते हैं;
  • खेती वाले जमीन केवल लीज़ पर लिए जा सकते हैं।

प्रवासियों की ज़िम्मेदारियां

  • प्रवेश करते समय माइग्रेशन कार्ड भरें और रूसी संघ छोड़ते समय इसे किसी अधिकारी को सौंप दें।
  • माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन के नियमों का पालन करें, जैसे:
    1. अपनी स्थिति और निवास की पुष्टि करने वाला मान्य डॉक्युमेंट्स अपने पास रखें, जैसे कि रूसी पहचान पत्र या अस्थायी या स्थायी रेज़िडेंस परमिट।
    2. प्रवास के स्थान पर माइग्रेशन ऑथोरिटी में देश में स्थिति और निवास की पुष्टि करने वाले डॉक्युमेंट्स के साथ रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करें।
    3. प्रवास के स्थान पर माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन पास कराना, भले ही आप अस्थायी रूप से किसी दूसरे शहर में हों।
  • देश के इलाके में कानूनी प्रवास के लिए तय समय खत्म होने और घटा दिए जाने पर तथा अस्थायी रेज़िडेंस परमिट (РВП)/स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ) रद्द होने पर रूसी संघ छोड़ दें।
  • अस्थायी रेज़िडेंस परमिट (РВП) मिलने की तिथि से एक 1 पूरा हो जाने बाद 2 महीने के भीतर, उस वर्ष की कुल आमदनी और आमदनी का स्रोत बताने वाले डॉक्युमेंट के साथ उसकी पुष्टि की अधिसूचना सबमिट करें। अगर कोई मान्य कारण हो, जैसे कि बीमारी या किसी रिश्तेदार की मृत्यु, तो यह अवधि 6 महीने तक बढ़ सकती है।
  • स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ) के प्रतिस्थापन के लिए समय पर आवेदन जमा करना। जब आपकी आयु 14, 20 और 45 वर्ष हो जाए, साथ ही जब आप आपके कुलनाम में कोई बदलाव हो या डॉक्युमेंट उपयोग करने लायक न रह जाए।
  • स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ) मिलने की तारीख से एक साल बाद, रूस में अपने स्थायी निवास की पुष्टि करने के लिए, दो या छह महीने के अंदर, अगर अच्छे कारण हों।

नागरिकों के अधिकारों, स्वतंत्रताओं और जिम्मेदारियों के बारे में अधिक जानकारी यहाँ पाएं:  रूसी संविधान

प्रशासनिक अपराध

रूस में एक प्रवासी को प्रशासनिक अपराधों के लिए जुर्माना भरने की ज़रूरत पड़ जाने पर, या निर्वासन का खतरा उत्पन्न हो जाने पर अप्रत्याशित और अप्रिय स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। इस सच के बावजूद कि यह डरानेवाला जैसा लगता है, रूस में अपने अधिकारों को जानने वाले और कुछ ख़ास नियमों का पालन करने वाले विदेशी नागरिक के लिए चीजें इतनी खराब नहीं हैं।

निष्कासन और निर्वासन के बीच अंतर

निर्वासन के अलावा, रूसी संघ के कानून में "निष्कासन" जैसी अवधारणा का भी प्रावधान है। इनमें ये अंतर हैं:

निष्कासन का आदेश केवल न्यायालय के आदेश के आधार पर ही दिया जा सकता है।

निर्वासन के लिए किसी प्रोटोकॉल की आवश्यकता नहीं है, और निर्वासन का मुद्दा न्यायालय द्वारा नहीं, बल्कि प्रवासन प्राधिकरण के प्रमुख द्वारा तय किया जाता है।

निर्वासन के संभावित कारण

  • आपके पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है।
  • आपने माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन नहीं किया है या रजिस्ट्रेशन को रीन्यू नहीं करवाया है।
  • आप अमान्य रूप से नौकरी कर रहे हैं।
  • आपने अस्थायी रेज़िडेंस परमिट (РВП) या स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ) के तहत रूस में निवास की सूचना सबमिट नहीं की है।
  • आपने फरज़ी डॉक्युमेंट्स का इस्तेमाल किया या झूठी जानकारी दी।
  • आपने रूसी संघ में प्रवास की अवधि का उल्लंघन किया है।
  • रूसी संघ में आपकी मौजूदगी अवांछनीय मानी गई है।

कई सरकारी निकाय जैसे कि आंतरिक मामलों का मंत्रालय (МВД), संघीय सुरक्षा सेवा (ФСБ), न्याय मंत्रालय (МинЮст) और "Rospotrebnadzor" (Роспотребнадзор) किसी विदेशी नागरिक के लिए यह निर्णय दे सकते हैं कि उसका रूस में रहना अवाछंनीय है। ऐसा निर्णय तब लिया जा सकता है जब विदेशी नागरिक:

  • निम्नलिखित रोगों से पीड़ित है: तपेदिक, यौन संचारित रोग या HIV.
  • उसे रूसी संघ में किसी अपराध के लिए न्यायालय द्वारा दोषी ठहराया गया है।
  • वह रूस की सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा के लिए खतरनाक है या उग्रवाद और आतंकवाद से जुड़ा है।

अवांछनीय प्रवास को रद्द करने में लगने वाला समय प्रवेश पर बैन और निष्कासन में लगने वाले समय की तुलना में काफी अधिक होता है, और इसमें अधिक चरणों, अधिकारियों के अधिक चक्कर और ज़रूरी डॉक्युमेंट्स तैयार करने के लिए एक गंभीर दृष्टिकोण की ज़रूरत होती है।

अगर कानून रूसी संघ में छोटे प्रवास की अवधि का प्रावधान करता है, तो व्यक्ति को 3 दिनों के भीतर देश छोड़ना होगा। अन्य सभी मामलों में, आपको 15 दिनों के भीतर रूस छोड़ना होगा।

निष्कासन के संभावित कारण

  • ऐसी कार्रवाइयां जो रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा के विपरीत हों।
  • प्रवासन कानून का कई बार उल्लंघन।
  • सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े अपराध।
  • राज्य की सीमा पार करने के नियमों का उल्लंघन।
  • प्रशासनिक दुराचार।

निर्वासन और निष्कासन से कैसे बचें

अगर आप रूस में अपने प्रवास की वैधता की पुष्टि करने वाले डॉक्युमेंट्स के लिए जिम्मेदार हैं, तो समय पर अपने वीज़ा को री-न्यू करवाएं, वीज़ा-फ़्री प्रवेश की समय सीमा का पालन करें, समय पर अपने स्थायी रेज़िडेंस परमिट को री-न्यू करवाएं और रूसी कानून का उल्लंघन न करें, तो आपको देश से निर्वासन और निष्कासन के खतरे का सामना नहीं करना पड़ेगा।

निर्वासन के निर्णय की जानकारी मिलने के 3 महीने के भीतर उसके विरुद्ध अपील की जा सकती है। अगर मामला अदालत में जाता है और व्यक्ति को रूसी संघ से जबरन निष्कासित करने का निर्णय सुनाया जाता है, तो अपील 10 दिन के भीतर की जानी चाहिए।

अगर अपराध किसी ऐसे प्रवासी द्वारा किया गया हो जिसके नज़दीकी रिश्तेदार, पति/पत्नी या नाबालिग बच्चे रूसी संघ में रहते हों, तो निर्वासन से बचना संभव है। अगर वह विदेशी किसी यूनिवर्सिटी या शैक्षणिक संस्थान का फुल टाइम छात्र है। अगर उसे रूसी संघ के क्षेत्र में चिकित्सा सहायता की ज़रूरत है।

इसके अलावा, निर्वासन पहली बार कानून का उल्लंघन करने वाले उन विदेशियों पर लागू नहीं होता है जिनके रूसी संघ में स्थाई नौकरी, अचल संपत्ति आदि है।

यह भी याद रखना ज़रूरी है कि निर्वासन की संभावना पर निर्णय अपराध की परिस्थितियों और व्यक्ति की विशेषताओं को ध्यान में रखकर लिया जाता है। इसलिए अगर आपको लगता है कि इनमें से कोई बात आप पर लागू होती है, तो अदालत में मामला दर्ज कराएं।

प्रशासनिक अपराधों के लिए जुर्माना

ऐसे प्रशासनिक उल्लंघन 3 प्रकार के हैं जिनके लिए रूसी संघ के क्षेत्र में विदेशी नागरिकों से जुर्माना लिया जा सकता है:

1

रूस में रहने की शर्तों का उल्लंघन

  • रूसी संघ में विदेशियों के अधिकृत प्रवास की शर्तें प्रवासन कानून द्वारा सख्ती से स्थापित की गई हैं। विदेशी नागरिकों को रूस में रहने का अधिकार है:

    • 180 दिनों के भीतर 90 दिनों से अधिक नहीं, अगर लंबे समय तक रहने की अनुमति देने वाला कोई डॉक्युमेंट नहीं है या वैसा करने का कोई कारण नहीं हैं, उदाहरण के लिए, रूसी नागरिकों या स्थायी रूप से रहने वाले विदेशियों में कोई रिश्तेदार हो;
    • पेटेंट, वर्क परमिट, अस्थायी रेज़िडेंस परमिट, शरणार्थी प्रमाणपत्र या अस्थायी शरण प्रमाणपत्र जैसे अनुमति देने वाले डॉक्युमेंट की वैधता अवधि से अधिक नहीं;
    • उस अवधि से अधिक नहीं जिसके लिए नियोक्ता के साथ कॉन्ट्रैक्ट पूरा हो गया है, अगर कॉन्ट्रैक्ट अनिश्चितकालीन है, तो प्रवेश की तारीख से 1 वर्ष से अधिक नहीं, जिसे बाद में एक और 1 वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है (EAEU के नागरिकों के लिए);
    • शैक्षिक संस्थान में अध्ययन की अवधि से अधिक नहीं (विदेशी छात्रों के लिए)।
  • जब समय सीमा समाप्त हो जाती है, तो उन डॉक्युमेंट्स और आधारों का समय आगे बढ़ाना ज़रूरी होता है जो आपको लंबे समय तक रहने की अनुमति देते हैं, अन्यथा रूसी संघ छोड़ देना ज़रूरी होता है। इस मामले में, देश छोड़ने का अंतिम दिन वह अंतिम दिन होता है जिस दिन तक ठहरने की अनुमति होती है।
  • उदाहरण के लिए, अगर पेटेंट का पेमेंट नहीं हुआ है, तो आपको इसकी वैधता के अंतिम दिन देश छोड़ना होगा। रूस में और अधिक समय तक रुकना कानूनी उल्लंघन है।
  • रूसी संघ में अधिकृत प्रवास की अवधि के दौरान इस आवश्यकता को पूरा न करना उल्लंघन माना जाता है। इसके लिए 5,000 रूबल तक का जुर्माना लग सकता है और उसके बाद रूसी संघ से निष्कासित किया जा सकता है।
  • साथ ही, निष्कासित कर दिए जाने के बाद, उस विदेशी को रूसी संघ में प्रवेश करने से अपने आप बैन कर दिया जाता है, जो इस बात पर निर्भर करता है कि वह कितने समय तक अमान्य रूप से रूस में रहा।
2

रूस में रहने के नियमों का उल्लंघन

  • रूसी संघ की राज्य सीमा पार करने के नियमों का उल्लंघन – 5,000 रूबल तक का जुर्माना, साथ ही रूसी संघ से निष्कासन।
  • माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन नियमों का उल्लंघन, जैसे कि समय से रजिस्ट्रेशन न होना, समय से रजिस्ट्रेशन को री-न्यू न करवाना, उल्लंघन के क्षेत्र के आधार पर क्रमशः 2,000 से 7,000 रूबल तक का जुर्माना, जिसके साथ-साथ कुछ मामलों में निष्कासित भी किया जा सकता है।
  • अपने निवास स्थान के कन्फर्मेशन के बारे में बताने की ज़िम्मेदारी पूरी न करने पर: अस्थायी या स्थायी रेज़िडेंस परमिट वाले विदेशियों के लिए – नियम तोड़ने वाले इलाके के आधार पर 2,000 से 7,000 रूबल तक का जुर्माना, जिसके साथ-साथ कुछ मामलों में निष्कासित भी किया जा सकता है।
  • रूसी संघ में रहने (निवास) के अधिकार की पुष्टि करने वाले डॉक्युमेंट्स न होने पर, या उनके खो जाने के मामले में – उस बारे में एक बयान जमा नहीं करने पर (इसमें स्वैच्छिक स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी का न होना भी शामिल है) – उल्लंघन के क्षेत्र के आधार पर 2,000 से 7,000 रूबल तक का जुर्माना, जिसके साथ-साथ कुछ मामलों में निष्कासित भी किया जा सकता है।
  • प्रवेश के घोषित उद्देश्य का वास्तविक गतिविधि से अलग होने के कारण गैर-अनुपालन – उल्लंघन के क्षेत्र के आधार पर 2,000 से 7,000 रूबल तक का जुर्माना, जिसके साथ-साथ कुछ मामलों में निष्कासित भी किया जा सकता है।

शरणार्थियों और अस्थायी शरण वाले विदेशियों के लिए उनके निवास के पते में बदलाव या व्यक्तिगत डेटा में किसी बदलाव के बारे में आंतरिक मामलों के मंत्रालय (МВД) को सूचित न करने पर 2,000 से 4,500 रूबल का अतिरिक्त जुर्माना है।

3

रूस में काम करने के नियमों का उल्लंघन

  • अनुमति देने वाले डॉक्युमेंट का न होना, या किसी ऐसे विषय पर काम करना जो डॉक्युमेंट में नहीं बताया गया हो – 2,000 से 5,000 रूबल का जुर्माना। इस मामले में, निष्कासित किए जाने की संभावना है।
  • काम से जुड़ी कागजी कार्रवाई की समय-सीमा का उल्लंघन। उदाहरण के लिए, किसी विदेशी नागरिक को पेटेंट के लिए डॉक्युमेंट्स जमा करने के लिए रूसी संघ में प्रवेश की तिथि से 30 दिन का समय मिलता है। इस अवधि का उल्लंघन करने पर 10,000 से 15,000 रूबल तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
  • कुलनाम, प्रथम नाम या पितृनाम जैसे विवरण बदलना और आंतरिक मामलों के मंत्रालय (МВД) में स्वीकृति देने वाले डॉक्युमेंट्स में जानकारी बदलने का आवेदन किए बिना नया पासपोर्ट प्राप्त करना उल्लंघन माना जाता है। इसके लिए 4,000 से 5,000 रूबल का जुर्माना लगाया जा सकता है।
  • कुछ ख़ास प्रकार की गतिविधियां करने और किसी ऐसे क्षेत्र (या पेशे) में काम करना जहाँ काम करना संघीय या क्षेत्रीय स्तर पर निषिद्ध है – 5,000 रूबल तक का जुर्माना, साथ ही कुछ मामलों में निष्कासित भी किया जा सकता है।

कुछ ऐसे प्रशासनिक उल्लंघन भी हैं जो न केवल रूसियों पर, बल्कि विदेशियों पर भी लागू होते हैं। उदाहरण के लिए, इनमें चालक और पैदल यात्री दोनों के रूप में ट्रैफ़िक नियमों का पालन न करना शामिल है। यह समझना ज़रूरी है कि दो बार किए गए प्रशासनिक उल्लंघन का नतीजा किसी विदेशी के लिए बुरा हो सकता है।

याद रखें कि नियमों का पालन करके आप जुर्माना देने से बच सकते हैं। इसके अलावा, आप रूस में प्रवासियों को मिलने वाली अनेक निःशुल्क कानूनी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, जहाँ वे आपके सभी सवालों के जवाब देंगे और आपको जटिल परिस्थितियां समझाने में आपकी मदद करेंगे।

"Госуслуги" सेवा

रूस में माइग्रेट करने और यहाँ आराम से रहने के लिए ज़रूरी काग़ज़ी कार्रवाई को आसान बनाने के लिए, ऑनलाइन एप्लिकेशंस और सेवाओं का लाभ उठाएं। रूस के लोग इनके आदी हो गए हैं और ये बहुत सारे नौकरशाही और घरेलू मामलों को सुलझाने में मदद करते हैं।
बैंक और स्टोर, मार्केटप्लेस और डिलीवरी सेवा ऐप्स सफलतापूर्वक ऑनलाइन संचालित हो रहे हैं।

विभिन्न प्रकार के डॉक्युमेंट्स और जीवन की ज़रूरतों वाले काम के लिए सबसे लोकप्रिय रूसी ऑनलाइन संसाधन "Gosuslugi" (Госуслуги) पोर्टल है।

यहाँ आप इलेक्ट्रॉनिक स्वरूप से डॉक्युमेंट्स पर साइन कर सकते हैं, उद्धरण और सभी प्रकार के प्रमाणपत्र पा सकते हैं, साथ ही ताज़ातरीन कानूनी जानकारी पाने का अनुरोध कर सकते हैं।

"Госуслуги" पर विदेशियों के लिए क्या है?

विदेशी नागरिक 2010 से ही "Госуслуги" पोर्टल का इस्तेमाल कर रहे हैं। पोर्टल पर विदेशियों के लिए सबसे लोकप्रिय सेवाएं ये हैं:

  • रोजगार कानून पर सलाह।
  • माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन।
  • वाहन चलाने का अधिकार प्राप्त करना।
  • प्राथमिक विद्यालय के छात्रों के लिए मुफ़्त गर्म भोजन के बारे में फ़ीडबैक।
  • डॉक्टर की अपॉइंटमेंट।
  • सामाजिक सहायता के प्रावधान के बारे में जानकारी देना।
  • नियंत्रक अधिकारियों के निर्णय के खिलाफ शिकायत।
  • बॉर्डर क्षेत्र के लिए पास जारी करना।
  • आपराधिक रिकॉर्ड न होने का प्रमाणपत्र जारी करना।

"Госуслуги" पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कैसे करें?

रजिस्ट्रेशन कराने और सरकारी सेवाएं पाने के लिए आपको केवल एक मोबाइल फोन और एक मान्य ई-मेल पते की ज़रूरत है। आप "Госуслуги" पोर्टल पर कई तरीकों से एक अकाउंट रजिस्टर कर सकते हैं।

अगर आपके पास रूसी संघ के नागरिक वाला पासपोर्ट है।

  • रूसी संघ के नागरिक वाले पासपोर्ट की सहायता से आप पोर्टल के किसी एक पार्टनर बैंक की वेबसाइट या एप्लिकेशन का इस्तेमाल करके तुरंत एक अकाउंट बना पाते हैं: पार्टनर बैंकों की सूची। आप बैंक के डेटा के अनुसार पोर्टल पर अपने आप रजिस्टर हो जाएंगे। इसमें 10 मिनट से लेकर 3 दिन तक का समय लग सकता है।
  • इस व्यवस्था को चुनने से पहले, पक्का कर लें कि आप "Госуслуги" पोर्टल के किसी एक पार्टनर बैंक के ग्राहक हैं।
  • अगर आपके पास रूसी संघ के नागरिक वाला पासपोर्ट है, तो आप सेवा केंद्र में व्यक्तिगत रूप से जाकर भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। ऐसा करने के लिए, आपको नज़दीकी सेवा केंद्र में अपने पासपोर्ट और СНИЛС के साथ आना होगा और "Госуслуги" पोर्टल पर अधिकृत करने में मदद के लिए किसी सेवाकर्मी से अनुरोध करना होगा। आमतौर पर, व्यक्तिगत अकाउंट बनाने में 15 मिनट या उससे थोड़ा ज़्यादा समय लगता है।

अगर आपके पास रूसी संघ के नागरिक वाला पासपोर्ट नहीं है।

अगर आपके पास रूसी पासपोर्ट नहीं है, बल्कि "СНИЛС" है, तो आपको एक रूसी फोन नंबर खरीदना होगा और निकटतम सेवा केंद्र पर अपने अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट और "СНИЛС" के साथ स्टैंडर्ड रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा।

रजिस्ट्रेशन के बाद आपको अपने ई-मेल पते पर एक लिंक आएगा, जिसके ज़रिए आप अपनी पहचान की पुष्टि कर सकते हैं और पोर्टल की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

वहाँ "मैक्स" नामक एक ऑनलाइन सहायक है। वह आपके सवालों का जवाब देकर और लगभग किसी भी समस्या का तेज़ी से समाधान करके "Госуслуги" पोर्टल का ज़्यादा से ज़्यादा लाभ उठाने में आपकी मदद करेगा।

आप अपने नियोक्ता के ज़रिए "СНИЛС" (एकल निजी अकाउंट बीमा संख्या) प्राप्त कर सकते हैं। अगर आप अभी तक आधिकारिक रूप से नौकरी नहीं पाए हैं, तो आपका अस्थायी या स्थायी रेज़िडेंस रजिस्ट्रेशन जहाँ हुआ है आप वहाँ के रूसी पेंशन फंड के सेवा केंद्र से यह डॉक्युमेंट प्राप्त कर सकते हैं।

फॉर्म और डॉक्युमेंट कैसे भरें

रूस में प्रवेश करने और रहने के लिए, आपको पासपोर्ट, वीज़ा (अगर आपके देश और रूस के बीच वीज़ा की व्यवस्था है), माइग्रेशन कार्ड, स्वास्थ्य बीमा, और आपके रहने की अवधि के दौरान आपको रहने की जगह देने वाले व्यक्ति जैसे कि होटल प्रशासन, मकान मालिक या नियोक्ता द्वारा जारी विदेशी नागरिक के आगमन की सूचना जैसे डॉक्युमेंट्स की ज़रूरत होगी।

माइग्रेशन कार्ड

किसी विदेशी नागरिक के लिए सबसे महत्वपूर्ण डॉक्युमेंट्स में से एक माइग्रेशन कार्ड है। यह रूस में प्रवास की अवधि की पुष्टि करता है और माइग्रेशन रजिस्ट्रेशन के लिए रजिस्टर करने, पेटेंट या वर्क परमिट पाने के साथ-साथ अस्थायी रेज़िडेंस परमिट (РВП) और स्थायी रेज़िडेंस परमिट (ВНЖ) पाने के लिए भी ज़रूरी है।

रूसी संघ में प्रवेश करते समय, पासपोर्ट नियंत्रण पर मौजूद बॉर्डर गार्ड ऑफिसर से माइग्रेशन कार्ड का फॉर्म ज़रूर ले लें।

माइग्रेशन कार्ड ऑरिजनल Xpucmo द्वारा अपलोड किया गया (Paju द्वारा ट्रांसफ़र किया गया) Xpucmo, CC BY-SA 3.0, https://creativecommons.org/licenses/by-sa/3.0, Wikimedia Commons फोटो के ज़रिए: ओरिजनल Xpucmo द्वारा अपलोड किया गया (Paju द्वारा ट्रांसफ़र किया गया) Xpucmo, CC BY-SA 3.0, Wikimedia Commons के माध्यम से

माइग्रेशन कार्ड भरना आसान है, लेकिन यह बहुत ज़रूरी है कि इसे सावधानीपूर्वक और सही ढंग से भरें। माइग्रेशन कार्ड प्रश्नावली में भाग A और भाग B होते हैं। भाग A बॉर्डर गार्ड के पास रहता है, और भाग B प्रवासी के पास रहता है।

डॉक्युमेंट को रूसी भाषा में भरना बेहतर होता है, लेकिन इसे अंग्रेजी अक्षरों में भी भरा जा सकता है।

आइए उन सभी आइटमों को अलग-अलग करके बताते हैं जिन्हें आपको भरना होगा:

1. कुलनाम, प्रथम नाम, पितृनाम। अगर आपका कोई पितृनाम नहीं है, तो इस पंक्ति को खाली छोड़ दें।

2. जन्म तिथि। DD.MM.YYYY फ़ॉर्मेट में भरें।

3. लिंग। उपयुक्त बॉक्स पर सही का निशान लगाएं.

4. नागरिकता। अपनी नागरिकता परमिट अपने पासपोर्ट के अनुसार बताएँ।

5. पहचान करने वाले डॉक्युमेंट। अपने अंतर्राष्ट्रीय या राष्ट्रीय पासपोर्ट की सीरीज़ और नंबर भरें।

6. वीज़ा नंबर। अगर आप वीज़ा का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो नंबर डालें।

7. यात्रा का उद्देश्य। सूची में से उपयुक्त उद्देश्य चुनें और उसे अंडरलाइन करें।

8. आमंत्रित करने वाले पक्ष की जानकारी। कृपया आपको आमंत्रित करने वाली कंपनी या व्यक्ति का पूरा नाम बताएँ।

9. प्रवास की अवधि। रूसी संघ में प्रवास की अवधि डालें, प्रवेश करने तिथि से शुरू करते हुए।

10. हस्ताक्षर। इस फ़ील्ड में अपना व्यक्तिगत हस्ताक्षर करें।

11. बाकी फ़ील्ड खाली छोड़ दें। उन्हें माइग्रेशन सर्विस के कर्मचारी और बॉर्डर गार्ड रजिस्ट्रेशन करते समय भरेंगे।

Восклицательный знак

बेलारूस के नागरिकों के लिए माइग्रेशन कार्ड की ज़रूरत नहीं है। यह कज़ाकिस्तान, किर्गिस्तान और आर्मेनिया के नागरिकों पर भी लागू होता है, अगर वे रूस में अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट के साथ 30 दिनों से कम समय के लिए रहते हैं।

रूस में प्रवेश करते समय सामने आने वाले मुद्दों और समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने तथा देश में तेज़ी से एडजस्ट हो जाने के लिए ऊपर बताई गई सभी जानकारी का इस्तेमाल करें।